पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद दिन के तापमान में तीन डिग्री के करीब बढ़ोतरी हुई है। रविवार के दिन हवा की गति कम रहने से मौसम गर्म दिखाई दिया।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि एक-दो दिन तक मौसम ऐसे ही रहेगा।
रविवार को सुबह से ही हवा की रफ्तार कम होने के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो गई। रविवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस व रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से मौसम गर्म रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल की कृषि विवि मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आगामी दो-तीन दिन तक दो से तीन डिग्री तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके अलावा मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 105 दर्ज किया गया। जबकि, गंगानगर 136, जयभीमनगर 94, पल्लवपुरम 86, बेगमपुल 108 और दिल्ली रोड 90 एक्यूआई स्तर दर्ज किया गया। बारिश के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी गिरावट दर्ज की गई है।
एक टिप्पणी भेजें