मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गांव कादराबाद स्थित एक स्कूल में बुधवार रात चल रहे शादी समारोह में फेरों के दौरान दुल्हन को आर्टिफिशियल जूलरी देने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने दूल्हा पक्ष पर झूठ बोलकर रिश्ता तय करने का आरोप लगाया। तीन फेरे लेने के बाद ही शादी टूट गई। परिजनों ने बरात को बंधक बना लिया।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बरात को बंधन मुक्त कराया और दूल्हा व उसके पिता और भाई को थाने ले गई। बरात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो पाया।
कादराबाद क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की पुत्री का रिश्ता दो माह पूर्व मेरठ के मवाना रोड स्थित गंगापुरम क्षेत्र निवासी युवक के साथ तय हुआ था। बुधवार रात गांव के स्कूल में शादी समारोह चल रहा था। दूल्हा-दुल्हन पक्ष के रिश्तेदार शादी को यादगार बनाने के लिए खूब मनोरंजन कर रहे थे। दुल्हन की बहनों ने फीता कटाई रस्म में खूब मस्ती की। चढ़त और जयमाला की रस्म धूमधाम से हुई। अधिकांश बराती भोजन और जयमाला के बाद लौट गए।
परिजन और घनिष्ठ फेरों की रस्म पूरी कराने लगे। पुरोहित ने वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ फेरे शुरू कराए। विदाई से पूर्व दुल्हन के लिए गहने देनें की बारी आई। आरोप है की दूल्हा पक्ष ने गहने दिखाकर वापस अपने पास रख लिए।
लकड़ी पक्ष ने उन्हे बताया कि उनके यहां दुल्हन ससुराल से मिले गहने पहनकर विदा होती है। मगर दूल्हा पक्ष ने फिर भी गहने नहीं दिए। इसे लेकर वहां गहमा गहमी की स्थिति बन गई। बात बढ़ती देख दूल्हा पक्ष ने कुछ गहने निकाल कर लकड़ी पक्ष को दे दिए। दुल्हन के परिजनों को कुछ शक हुआ तो उन्होने गहनों के जांच कराई।
जांच में गहने आर्टिफिशियल निकले। इसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा बढ़ने पर तीन फेरों के बाद रस्म बीच में रोक दी गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे।
दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि रिश्ते के समय लड़के को बैंक अधिकारी बताया गया था। मगर वह एक निजी बैंक में अस्थाई कर्मचारी निकला। उन्होने दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मौके पर मौजूद बरातियों को बंधक बना लिया।
पुलिस ने मामला शांत कराया। बरात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई। पुलिस दूल्हे व उसके पिता और भाई को थाने ले आई। देर रात तक भी दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका।
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि सोने की जगह आर्टिफिशल जूलरी दे दी गई। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें