वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को खारिज नहीं किया और पार्टी वीवीपैट में सुधार के पक्ष में है।
पार्टी वीवीपैट में सुधार के पक्ष में- चिदंबरम
चिदंबरम ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में ईवीएम को खारिज नहीं किया। कृपया घोषणापत्र पढ़ें। हमने कहा था कि वीवीपैट पर्ची लगभग 4-5 सेकंड के लिए प्रदर्शित होती है और फिर बॉक्स के अंदर गिर जाती है। हमने कहा था कि पर्ची के स्वयं बाक्स में गिरने के बजाय वो मतदाता को मिलनी चाहिए। मतदाता उसे देखने के बाद बॉक्स में डाले। हम केवल यह सुधार चाहते हैं।
मैंने ईवीएम को नहीं दिया दोष- चिदंबरम
उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी बात है तो मैंने कभी भी ईवीएम को दोष नहीं दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने पर पीएम मोदी द्वारा खुद की तुलना पीएम जवाहर लाल नेहरू से किए जाने को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मोदी की तुलना नेहरू जी से नहीं हो सकती है।
समय बताएगा स्थिर सरकार चला पाते हैं अथवा नहीं
पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम ने कहा कि समय बताएगा कि मोदी स्थिर सरकार चला पाते हैं अथवा नहीं। 12 साल तक गुजरात का मुख्यमंत्री और 10 साल तक प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने केवल एक व्यक्ति की सरकार चलाई है। हालांकि, अब वह गठबंधन की सरकार बनाने को विवश हैं।
एक टिप्पणी भेजें