- चिराग पासवान और नीतीश कुमार के बीच मुलाकात हुई, क्या बात हुई? समझिए इसके सियासी मायने | सच्चाईयाँ न्यूज़

शनिवार, 25 मई 2024

चिराग पासवान और नीतीश कुमार के बीच मुलाकात हुई, क्या बात हुई? समझिए इसके सियासी मायने


 Chirag Paswan Met Nitish Kumar: कल तक सियासत में नीतीश कुमार को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानने वाले चिराग पासवान के तेवर बदल चुके हैं। लोकसभा चुनाव से पहले जहां दोनों नेता एक ही गठबंधन के हिस्सा हो गए तो वहीं दोनों के बीच अब करीबियां बढ़ती भी नजर आ रही हैं।

दरअसल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 'शिष्टाचार मुलाकात' की। आपको इसके सियासी मायने समझने चाहिए।

बिहार की सियासत में इस मुलाकात के मायने

जबसे चिराग पासवान की पार्टी टूटी, वो बिहार के सीएम पर लगातार तीखा प्रहार करते हैं। अब तक नीतीश कुमार और चिराग पासवान के बीच सबकुछ ठीक नहीं था, लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में एक ही गठबंधन में शामिल होने के बाद से चिराग भी नीतीश के खिलाफ कुछ बोलने से बचते रहे हैं। अब ये समझना होगा कि चिराग आखिर नीतीश के करीबी क्यों बढ़ा रहे हैं। वो इस बात को समझते हैं कि आगामी वर्ष 2025 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में वो जरा भी कोताही नहीं बरतना चाहते हैं और इस कोशिश में होंगे की NDA में रहते हुए उनकी पार्टी को द्यादा से ज्यादा सीटें मिले। शायद यही वजह है कि चिराग पुराने गिले-शिकवे को भुलाकर नए रिश्ते बनाने की कोशिश में हैं।

नीतीश कुमार को लेकर कैसे बदले चिराग के सुर?

लोकसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान का नीतीश कुमार को लेकर काफी तल्ख रुख था। हालांकि अब उनके सुर बदले-बदले नजर आ रहे हैं। पासवान ने नीतीश से मुलाकात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया 'एक्स' पर साझा करते हुए कहा, 'बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका कुशल क्षेम जाना।' नीतीश से मुलाकात के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत के दौरान पासवान ने कहा, 'लोकसभा चुनाव के अभी दो और चरण बाकी हैं, ऐसे में शांत माहौल में यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। मैंने कई सीटों पर जद(यू) उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया है। मैंने वहां की स्थिति के बारे में अपनी जानकारी साझा की और उन्होंने भी क्षेत्र के बारे में जानकारी ली।'

बिहार में NDA में शामिल दलों का गणित समझिए

बिहार की 40 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे अधिक 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जद(यू) ने 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि पांच सीटें पासवान की पार्टी को मिली हैं। इसके अलावा एक-एक सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) चुनाव लड रहे हैं।

चिराग ने सभी 40 सीटों पर जीत का किया दावा

चिराग पासवान ने कहा कि राजग 2019 से बेहतर प्रदर्शन करेगा जब उसने बिहार में एक सीट को छोड़कर सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'चुनाव खत्म होने के बाद, वे ईवीएम के बारे में टिप्पणी करते नजर आएंगे।' राजद नेता तेजस्वी यादव के चुनावी रैलियों में बॉलीवुड गानों की नकल उतारने के बारे में पूछे जाने पर पासवान ने कहा, 'वह मेरे छोटे भाई की तरह हैं। मैं उन्हें याद दिलाना चाहूंगा कि चुनाव ऐसे हथकंडों के जरिए नहीं बल्कि लोगों का विश्वास जीतकर जीता जा सकता है।'

राहुल गांधी पर चिराग पासवान ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस आरोप को लेकर चिराग पासवान ने उनपर निशाना साधा कि राजग शासन काल के दौरान 'केवल 22 लोग' अमीर हुए। पासवान ने कहा, 'अगर प्रधानमंत्री ने केवल मुट्ठी भर लोगों की परवाह की होती तो 25 करोड़ लोग गरीबी के चंगुल से बाहर नहीं निकलते। वह बहुत हताश हैं क्योंकि तुष्टीकरण की उनकी राजनीति को लोगों ने खारिज कर दिया है।'

Dailyhunt

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...