- Meerut:-कलक्ट्रेट में पांचवें दिन अनशन जारी, समर्थन में पहुंचे टिकैत, अतुल प्रधान ने कही ये बड़ी बात | सच्चाईयाँ न्यूज़

शुक्रवार, 8 दिसंबर 2023

Meerut:-कलक्ट्रेट में पांचवें दिन अनशन जारी, समर्थन में पहुंचे टिकैत, अतुल प्रधान ने कही ये बड़ी बात


मेरठ में कलेक्ट्रेट में अनशन पर बैठे सपा विधायक अतुल प्रधान का अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट में ही लगातार धरने में शामिल होने वाले लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की जा रही है।

शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस प्रशासन ने अनशन स्थल से खाने का सामान हटवा दिया। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यहां पर रसोई का सारा सामान डीसीएम में भरकर ले गए। जिससे अतुल प्रधान के समर्थकों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद खाद्य पदार्थ मंगाकर फिर से खाना बनाने की तैयारी शुरू की।

उधर, अतुल प्रधान को समर्थन देने के लिए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत अनशन स्थल पर पहुंच गए हैं। बताया गया कि टिकैत अतुल प्रधान के पास बैठ गए और अतुल से बातचीत की। इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। किसानों ने जय जवान, जय किसान और बाबा टिकैत अमर के खूब नारे लगाए। वहीं, कलेक्ट्रेट में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।

सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि यह लड़ाई मेरी नहीं है, हम इस लड़ाई को गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अगर मेरे प्राणों की आहूति देकर भी सफल हो जाए तो मैं अपने आप को भाग्यशाली समझूंगा। 

न्यूटिमा समेत निजी अस्पतालों के बिल के विरोध में अनशन पर बैठे सरधना विधायक अतुल प्रधान ने सोमवार 11 दिसंबर को अनशन स्थल पर ही पंचायत करने का एलान किया है। साथ ही उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति का डीएम के नाम शपथ पत्र देकर संपत्ति की किसी भी एजेंसी से जांच कराने को कहा है।

कलेक्ट्रेट में अनशन स्थल पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि 11 दिसंबर की पंचायत में निजी अस्पताल के खिलाफ बड़ा निर्णय लिया जाएगा। पंचायत में सभी विपक्षी दल, किसान संगठन, व्यापार संगठन के अलावा भारी संख्या में किसान, ग्रामीण शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब जन आंदोलन बनेगा। मैं जनता के हक की लड़ाई लड़ रहा हूं और आखिर दम तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

अतुल प्रधान ने कहा कि वह अपनी हर तरह से जांच करने के लिए तैयार है। उन्होंने जिलाधिकारी के नाम शपथ पत्र देते हुए कहा कि इस शपथ पत्र में मेरी तमाम संपत्ति का विवरण मौजूद है। इसके अलावा यदि कोई मेरी संपत्ति है तो शासन प्रशासन मेरी जांच कर सकता है। किसी भी एजेंसी से जांच करने के लिए प्रशासन स्वतंत्र है। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस शपथ पत्र के अलावा यदि कोई संपत्ति पाई जाती है तो प्रशासन उसे जब्त कर ले या फिर मैं उसे किसी गरीब के नाम कर दूंगा। उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टरों के खिलाफ में चार दिन से आमरण अनशन पर हूं, वे डॉक्टर भी ऐसा शपथ पत्र दें, ताकि उनकी भी संपत्ति की जांच की जा सके।

उधर, अतुल प्रधान के अनशन के चौथे दिन उनके समर्थक में अनशन स्थल पर कई लोग पहुंचे। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल, मेरठ कॉलेज कर्मचारी संघ,भारतीय किसान यूनियन चढूनी, यथार्थ के सारथी सोसायटी आदि संगठनों ने समर्थन किया। अनशन स्थल पर हुए धरने को सतेंद्र फौजी, जूही त्यागी, नंद किशोर भट्ट, चहन सिंह बालियान, नितिन बालियान, रालोद खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीपक तोमर, रियाज खान, कृष्ण ढाका, शाही अब्बास, विजय राठी, मनीषा अहलावत, दिनेश यादव, अनुज ज्वाला, राजदीप विकल, विपिन चौधरी, आदेश प्रधान, अंकुश चौधरी, प्रताप लोहिया आदि रहे। उधर, अतुल प्रधान का एक प्रतिनिधिमंडल भी डीएम दीपक मीणा से मिला और उनका शपथ पत्र उन्हें दिया।

आज समर्थन को पहुंचेंगे राकेश टिकैत

विधायक अतुल प्रधान के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन टिकैत भी आ गई है। आठ दिसंबर को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत दोपहर तीन बजे सपा विधायक के आमरण अनशन में शामिल होंगे।

भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि निजी अस्पतालों की ओर से मरीजों को परेशान किया जाता है। इलाज के नाम पर उनका उत्पीड़न होता है। भाकियू की ओर से आसपास के जिलों व मेरठ से भी सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। भाकियू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल ने इसे लेकर बृहस्पतिवार को बैठक की ओर आठ दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में लोगों से कलक्ट्रेट पहुंचने का आहवाहन किया।

अतुल के समर्थकों ने निकाला कैंडल मार्च

विधायक अतुल प्रधान के समर्थकों ने बृहस्पतिवार शाम को कलक्ट्रेट से बाबा साहेब आंबेडकर पार्क तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान विजय राठी , राजदीप विकल,विपिन चौधरी,आदेश प्रधान,अंकुश चौधरी,प्रताप लोहिया, एहतेशाम इलाही, तालिब रिज़वी आदि रहे।

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...