- बदलाव:मेरठ सिटी स्टेशन से अब 7:50 बजे चलेगी नौचंदी,सहारनपुर के यात्रियों को 20 मिनटऔर मिले | सच्चाईयाँ न्यूज़

शनिवार, 30 सितंबर 2023

बदलाव:मेरठ सिटी स्टेशन से अब 7:50 बजे चलेगी नौचंदी,सहारनपुर के यात्रियों को 20 मिनटऔर मिले


नोचंदी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14512 की नई समय सारिणी रेलवे ने जारी की है। मेरठ सिटी स्टेशन से नौचंदी अब शाम 7:50 बजे चलेगी। यहां ट्रेन का ठहराव अब केवल पांच मिनट ही रहेगा। जबकि सहारनपुर से नौचंदी अब शाम 5:25 बजे के बजाए 5:45 बजे चलेगी।

पहले ही तरह ट्रेन सुबह पांच बजे ही लखनऊ पहुंचेगी। नई समय सारिणी रविवार एक अक्तूबर से लागू हो जाएगी। रविवार से ही नौचंदी का 23 बोगियों का पूरा रैक सहारनपुर से ही चला करेगा। प्रयागराज संगम सुबह 9:20 बजे पहुंचेगी।

सहारनपुर-प्रयागराज संगम के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिमी यूपी के जिलों के यात्रियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण ट्रेन है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ जिलों के यात्री इसी ट्रेन से लखनऊ और प्रयागराज जाने के लिए अधिक सफर करते है। नौचंदी पहले मेरठ से चलती थी, बाद में यात्रियों की मांग पर इसे लिंक के रूप में सहारनपुर तक विस्तार दिया गया।

अभी तक मेरठ में ही ट्रेन के रैक की सफाई होगी थी। अब रेलवे ने इसका पूरा रैक सहारनपुर भेजने और वहीं पर पूरे रैक की सफाई आदि कराने का निर्णय लिया है। इसी के चलते नौचंदी की समय सारिणी में थोड़ा बदलाव किया है। शुक्रवार को रेलवे ने नई समय सारिणी जारी कर दी है।

सहारनपुर के यात्रियों को 20 मिनट और मिले

नए टाइम टेबल से सहारनपुर के यात्रियों को सबसे ज्यादा लाभ मिला है। सरकारी दफ्तरों आदि में कार्य करने वाले दैनिक यात्रियों को इससे काफी फायदा मिलेगा। सहारनपुर के यात्रियों को 20 मिनट और अधिक मिले है। पहले ट्रेन 5:25 बजे रवाना होती थी, अब 5:45 बजे चला करेंगी। नए समय के अनुसार मेरठ के यात्रियों को केवल पांच मिनट का ही ठहराव मिलेगा। यहां ट्रेन 7:45 बजे आएंगी और 7:50 बजे रवाना होगी।

शंटिंग में लगता था आधा घंटा

मेरठ सिटी स्टेशन पर नौचंदी का पूरा रैक जोड़ने के लिए करीब आधा घंटा लगता था। सहारनपुर से चल कर मेरठ पहुंचने वाली लिंक एक्सप्रेस की पॉवर शंटिंग कर प्लेटफार्म नंबर एक से बाकी रैक को लेकर यहां से चलती थी। पहले सिटी स्टेशन पर ट्रेन 7:20 बजे पहुंचती थी और 7:55 पर रवाना होती थी।

नई समय सारिणी

स्टेशन का नाम -पहुंच -प्रस्थान

सहारनपुर -- - शाम 5:45 बजे

देवबंद 6:19 6:21

मुजफ्फररनगर 6:36 6:41

खतौली 7:00 7:02

मेरठ कैंट 7:28 7:30

मेरठ सिटी 7:45 7:50

हापुड़ 8:40 8:50

लखनऊ 5:00 5:10

प्रयागराज संगम 9:20 -- -

सांसद ने की पैरोकारी

रेलवे की ऑन लाइन साइट पर नौचंदी का समय काफी परिवर्तित अपलोड था। उसके अनुसार नौचंदी का संचालन मेरठ सिटी से शाम 4:40 बजे दिखाया जा रहा था। जिसको लेकर भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा और रेलवे के महाप्रबंधक से वार्ता कर नौचंदी का समय नहीं बदलने की मांग की। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नौचंदी का समय शाम ही रखा है।

नौचंदी का नया समय मिल गया है। एक अक्तूबर से सिटी स्टेशन से नौचंदी शाम 7:50 बजे चला करेगी। पूरा रैक भी सहारनपुर तक जाएगा। वहीं पर ट्रेन का मेंटीनेंस होगा। - आरपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक, मेरठ सिटी जंक्शन

एक टिप्पणी भेजें

Whatsapp Button works on Mobile Device only

Start typing and press Enter to search

Do you have any doubts? chat with us on WhatsApp
Hello, How can I help you? ...
Click me to start the chat...